Thursday, December 24, 2015

गीता ज्ञान -18 (भाग-1)


अथाष्टादशोऽध्यायः
 
(मोक्षसंन्यास योग)
(भाग-1)

यह अध्याय गीता का अंतिम अध्याय है, अतः उपसंहारात्मक है। उपसंहार में पूर्व कथ्यों पर विहंगम दृष्टि, रचनाकार के मत की स्थापना अथवा निष्कर्ष होता है। इसी कारण से यह गीता का सबसे बड़ा अध्याय है। इसका नामकरण ‘‘मोक्षसंन्यास योग’’ किया गया है, क्योंकि इसमें मोक्ष का भी संन्यास अर्थात् त्याग हो जाता है। इस अध्याय का समापन प्रपत्तिवाद के साथ होता है। प्रपत्ति का अर्थ पूर्ण शरणागति है। इसमें भक्त भगवान् पर पूर्णरूपेण आश्रित होकर चिन्ता-निर्मुक्त हो जाता है। अध्याय बड़ा होने के कारण इसे कुछ भागों में इस ब्लॉग पर प्रस्तुत किया जायेगा, ताकि पाठक को आसानी हो सके।


इस अध्याय में त्याग, ज्ञान, कर्म, कर्त्ता, बुद्धि, धृति, सुख, वर्ण-व्यवस्था में ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य एवं शूद्र के लक्षण, कर्म की महत्ता, परब्रह्म-प्राप्ति का सहज साधन, गीता के पठन एवं श्रवण का माहात्म्य आदि के बारे में कथन उपलब्ध है। अतः इस अध्याय को गीता-सार के रूप में समझने में भी कोई हानि नहीं होगी। चूँकि यह सार-संक्षेप है, अतः इसकी व्याख्या विस्तार से की जायेगी। 


इस अध्याय के प्रारंभ में अर्जुन ने संन्यास एवं त्याग के तत्त्व को जानने का आग्रह किया, तो भगवान् कहते हैं कि कुछ विद्वान् काम्य कर्मों के त्याग को संन्यास कहते हैं और कुछ विद्वान् सम्पूर्ण कर्मों के फल-त्याग को त्याग कहते हैं। कई विद्वान् कहते हैं कि कर्मों को दोष की भाँति त्याग देना चाहिए, जबकि कई विद्वान् कहते हैं कि यज्ञ, दान और तप रूपी कर्मों का त्याग नहीं करना चाहिए। यहाँ पर यह कहना उचित होगा कि त्याग से सम्बन्धित चार सिद्धान्त हैंः-


1) काम्य कर्मों का त्याग - अर्थात् इष्ट की प्राप्ति एवं अनिष्ट की निवृत्ति के लिये जो कर्म किये जाते हैं, उनका त्याग संन्यास है।


2) फल की कामना का त्याग अर्थात् फल की इच्छा न कर कर्मों को करते रहना ही त्याग है।


3) कर्म मात्र का त्याग अर्थात् कर्म को ही दोष के समान जानकर उनका त्याग करना चाहिए।


4) यज्ञ, दान, तप आदि का त्याग न करना अर्थात् इनके अलावा अन्य कर्मों के त्याग करना।


इस विषय में मनुष्य को यह तथ्य जानना बहुत आवश्यक है कि यज्ञ, दान और तपरूपी कर्मों के त्याग नहीं करने चाहिए। ये तो पवित्र करने वाले होते हैं। इनमें जो आसक्ति है और फल की कामना है, उसका त्याग करना चाहिए। नियत कर्मों का त्याग उचित नहीं है। त्याग सात्त्विक, राजस और तामस तीन श्रेणियों का होता है। नियत कर्मों का मूढ़ता के कारणवश त्याग करना तामस त्याग कहा गया है, क्योंकि नियत कर्मों से छुटकारा संभव नहीं है और यह उचित भी नहीं है। यज्ञ, दान आदि कर्म करने में अनेक कष्टों को उठाना पड़ता है। अनेक प्रकार के दुःख सहने पड़ते हैं। किसी कर्म को, कि वह दुःख है, ऐसा समझकर किसी शारीरिक क्लेश के कारण कर्तव्य कर्मों का त्याग राजस त्याग कहलाता है। ऐसे त्याग से वास्तविक त्याग का फल नहीं मिलता है। 


इसके बाद सात्त्विक त्याग के बारे में भगवान् कहते हैं कि जो कर्म शास्त्रसम्मत है, जब उसे कर्तव्य भाव से आसक्ति एवं फल-त्याग करके किया जाता है, तो वह सात्त्विक त्याग कहलाता है। शरीरधारी पुरुष सम्पूर्ण कर्मों का त्याग चाहकर भी नहीं कर सकता है, अतः जो कर्मफलासक्ति का त्याग करता है, वही सच्चा त्यागी है। जो मनुष्य कर्मफल का त्याग नहीं करता है, उसे मृत्यु के बाद भी तीन प्रकार के फल मिलते हैं। ये हैं इष्ट, अनिष्ट और मिश्रित। इष्ट कर्म वे हैं, जिस परिस्थिति को मनुष्य चाहता है और जिस परिस्थिति को नहीं चाहता वे अनिष्ट कर्म हैं। साथ ही कुछ कर्म ऐसे होते हैं, जिनमें इष्ट एवं अनिष्ट का मिश्रण होता है। ऐसे कर्मों के फल उन सभी को भोगने ही पड़ते हैं, यदि उन्होंने कर्मफल का त्याग नहीं किया है। 


कर्म के बारे में समझने के लिये हमें समझना होगा कि पुरुष एवं प्रकृति भिन्न हैं। पुरुष में कभी परिवर्तन नहीं होता, जबकि प्रकृति कभी भी परिवर्तन रहित नहीं होती। जब यह पुरुष प्रकृति के साथ संबंध जोड़ लेता है, तब प्रकृति की क्रिया पुरुष का कर्म बन जाती है। ये कर्म तीन प्रकार के होते हैं - क्रियमाण, संचित और प्रारब्ध। जो वर्तमान में कर्म किये जाते हैं, वे क्रियमण कर्म हैं। वर्तमान से पहले इस जन्म में किये गये तथा अन्य मनुष्य जन्मों के किये गये कर्म संचित कर्म कहलाते हैं। इस संचित कर्मों से जो कर्मफल देने के लिये उन्मुख हो गये हैं, वे प्रारब्ध कर्म कहलाते हैं।


क्रियमाण कर्म दो प्रकार के होते हैं - शुभ और अशुभ। जो कर्म शास्त्रानुसार विधि-विधान से किये जाते हैं, वे शुभ कर्म कहलाते हैं। इसके विपरीत काम, क्रोध, लोभ, आसक्ति से प्रेरित शास्त्रनिषिद्ध कर्म अशुभ कर्म कहलाते हैं। इन समस्त क्रियमण कर्म के एक तो फल-अंश बनता है और दूसरा संस्कार-अंश। इस फल-अंश के दो भाग होते हैं - दृष्ट और अदृष्ट। इसमें दृष्ट के भी दो भेद होते हैं - तात्कालिक और कालान्तरिक। जैसे भोजन करने के समय उसका रस आदि दृष्ट कर्म का तात्कालिक फल है, जबकि उसे भोजन के कारण आयु, बल, आरोग्य आदि का बढ़ना कालान्तरिक फल है। इसी प्रकार अदृष्ट फल-अंश के भी दो प्रकार होते हैं - लौकिक और पारलौकिक। अपने जीवन में ही यज्ञादि कर्मों के द्वारा पुत्र, धन, यश आदि का मिलना लौकिक फल है। जबकि यज्ञादि कर्मों से जब स्वर्गादि की प्राप्ति होती है तो वह पारलौकिक फल है। यहाँ इस बात को समझना होगा कि इस जीवन में धरती पर भोगे गये फल को लौकिक फल कहते हैं। मनुष्य अपने पापकर्मों को यहीं कैद, जुर्माना, अपमान आदि के रूप में भोगने के बाद यह समझने लगता है कि अब उसे कुछ नहीं भोगना है, किन्तु मनुष्य को यह गणना नहीं होती कि उसने पूरा फल होगा है अथवा अधूरा। ईश्वर को इसकी गणना होती है और फिर उसे वे फल भी भोगने ही पड़ते हैं। चाहे यहाँ इस लोक में अथवा परलोक में। 


क्रियमाण कर्म के संस्कार-अंश भी दो प्रकार के होते हैं - शुद्ध एवं पवित्र संस्कार तथा अशुद्ध एवं अपवित्र संस्कार। शास्त्र विहित कर्म करने से जो संस्कार बनते हैं वे पवित्र संस्कार कहलाते हैं और शास्त्रनिषिद्ध कर्म करने से जो संस्कार बनते हैं, वे अपवित्र संस्कार कहलाते हैं। 


संचित कर्म के भी फल-अंश और संस्कार-अंश दो होते हैं। संचित कर्म के फल-अंश से मनुष्य का प्रारब्ध बनता है और संस्कार-अंश से स्फुरणा होती रहती है। ये स्फुरणायें मनुष्य को प्रदत्त कार्य करने को विवश करती रहती हैं। यह तब तक होती रहती हैं, जब तक कि मनुष्य परमात्मा प्राप्ति नहीं कर लेता है। परमात्मा की प्राप्ति पर ये स्फुरणायें नहीं आती हैं। अतः जीवनमुक्त महापुरुष के मन में अपवित्र विचार कभी नहीं आते।


प्रारब्ध कर्म उसे कहते हैं, जो संचित कर्म के फल देने के सम्मुख होते हैं। इन प्रारब्ध कर्मों के फल अनुकूल अथवा प्रतिकूल परिस्थितियों के रूप में सामने आते हैं, किन्तु इन प्रारब्ध कर्मों के भोगने के लिये मनुष्य की प्रवृत्ति के तीन प्रकार होते हैं - (1) स्वेच्छापूर्वक (2) अनिच्छापूर्वक और (3) परेच्छापूर्वक। इन स्थितियों को उदाहरण से समझा जा सकता है।


एक व्यापारी धन लगाकर व्यापार करता है और उसे लाभ होता है। दूसरा व्यापारी धन लगाकर व्यापार करता है और उसे हानि होती है। तो यहाँ लाभ और हानि प्रारब्ध के कर्मों के फल हैं, जबकि धन लगाना स्वेच्छापूर्वक है। 


किसी व्यक्ति को गड़ा हुआ धन मिल गया। उधर एक व्यक्ति घोड़े से गिरकर अपने पाँव तुड़वा बैठा। धन मिलना एवं पाँव का टूटना शुभ-अशुभ कर्मों से बने हुए प्रारब्ध के फल हैं, किन्तु धन का मिलना और पाँव का टूटना अनिच्छापूर्वक है। 


किसी व्यक्ति ने एक बच्चे को गोद ले लिया, तो उस व्यक्ति का सारा धन उस बालक को मिल गया, जिसे बाद में चोरों ने चुरा लिया। यहाँ बच्चे को धन मिलना और चोरों द्वारा चुरा लेना शुभ-अशुभ कर्मों के फल हैं, किन्तु गोद में जाना अथवा चोरी होना परेच्छापूर्वक है।


यहाँ जो बात समझने वाली है कि कर्मों का फल कर्म नहीं होता है, बल्कि परिस्थिति होती है। तात्पर्य यह कि प्रारब्ध कर्मों के फल परिस्थिति के रूप में सामने आते हैं। प्रारब्ध कर्म से मिलने वाले फल भी प्राप्त फल एवं अप्राप्त फल दो प्रकार के होते हैं। जो अनुकूल या प्रतिकूल परिस्थितियाँ आ रही हैं, वे प्राप्त फल हैं और जो आगे आने वाली हैं, वे अप्राप्त फल हैं। जब तक संचित कर्म रहते हैं, प्रारब्ध की परिस्थितियाँ बनती ही रहती हैं। यहाँ सामान्य मानव-मन में प्रारब्ध और करने वाले कर्म के मध्य शंका उपस्थित होती है। यदि सभी परिस्थितियाँ प्रारब्ध के कर्मफल के अनुसार ही हों, तो नये कर्म का क्या अर्थ? ऐसे में प्रारब्ध और पुरुषार्थ को जानना आवश्यक हो जाता है। 


मनुष्य में चाहना चार प्रकार की होती है - धन की, धर्म की, भोग की और मुक्ति की। इन्हें सरल शब्दों अर्थ, धर्म, काम एवं मोक्ष की कामना कहा जाता है। इनमें अर्थ और काम में प्रारब्ध की मुख्यता और पुरुषार्थ की गौणता है, जबकि धर्म और मोक्ष में पुरुषार्थ की मुख्यता और प्रारब्ध की गौणता होती है। प्रारब्ध और पुरुषार्थ दो अलग-अलग क्षेत्र हैं और इनमें भिन्नता है। प्रारब्ध निश्चित है, क्योंकि यह संचित कर्म के फल के रूप में प्राप्त होता है। पुरुषार्थ व्यक्ति द्वारा किया गया कर्म है, जिसका फल उस कर्म के अनुसार प्राप्त होता है। यह शरीर पुरुषार्थ के लिये मिला है। इसी पुरुषार्थ से धर्मादि कार्यों के द्वारा मोक्ष की प्राप्ति की जा सकती है। मानव-शरीर सुख-दुख भोगने के लिये नहीं है, क्योंकि उसके लिये स्वर्ग-नरक आदि हैं। यह तो कर्मयोनि है, जहाँ उसे कर्म करना है, जिसका लक्ष्य मुक्ति प्राप्त करना है, ताकि वह जन्म-मरण के बंधन से मुक्त हो सके।

===========
विश्वजीत ‘सपन’

Thursday, November 5, 2015

गीता ज्ञान - 17




                                                         अथ सप्तदशोऽध्यायः
                                                         श्रद्धात्रय-विभागयोग

 

सोलहवें अध्याय के तेईसवें श्लोक में भगवान् ने कहा कि जो पुरुष शास्त्र-विधि का उल्लंघन कर मनमाने ढंग से आचरण करता है, वह सिद्धि, सुख एवं परम गति को प्राप्त नहीं कर सकता है। इसी बात पर सतरहवें अध्याय की भूमिका रखी जाती है, जब अर्जुन प्रश्न करते हैं कि ऐसे आराधकों की क्या गति होती है। इस पर भगवान् उन्हें विस्तार से श्रद्धा के सभी वर्गों के बारे में बताते हैं, यज्ञ, तप एवं दान के वर्गीकरण भी बताते हैं और बाद में ओम्, तत् एवं सत् शब्दों की व्याख्या भी करते हैं। 

श्रद्धा ही व्यक्ति के व्यक्तित्व का मूलाधार है। श्रद्धा ही साधना और सिद्धि का द्वार है। मनुष्य श्रद्धा प्रधान है - ‘श्रद्धामयोऽये पुरुषः’। श्रद्धा के अनुसार ही क्रिया में प्रवृत्ति होती है। सभी मनुष्य दुःख से मुक्ति और सुख से संयोग की कामना रखते हैं, किन्तु इस प्रयोजन हेतु क्रिया में प्रवृत्ति उनकी श्रद्धा के अनुसार होती है। इन्हीं के वर्गीकरण को इस प्रकार बताते हैं।


त्रिविधा भवित श्रद्धा देहिनां सा स्वभावजा।
सात्त्विकी राजसी चैव तामसी चेति तां शृणु।।गी.17.2।।


भगवान् कहते हैं कि स्वभाव से उत्पन्न श्रद्धा सात्त्विकी, राजसी तथा तामसी इन तीनों प्रकार की होती है। सभी मनुष्यों की श्रद्धा उनके अन्तःकरण के अनुरूप होती है। अस्तु जो जैसी श्रद्धा करता है, वैसा ही बन जाता है। इस प्रकार इस अध्याय में श्रद्धा का वर्गीकरण किया गया है और उनके बारे में सविस्तार बताया गया है।


सात्त्विक पुरुष देवोपासक होते हैं, राजस पुरुष यक्ष और राक्षसों के, जबकि तामस पुरुष भूत-प्रेतों के उपासक होते हैं। भोजन भी प्रकृति के अनुसार सात्त्विक, राजस और तामस होते हैं। वैसे ही यज्ञ, तप और दान की भी तीन श्रेणियाँ होती हैं। सात्त्विक आहार आयु, बुद्धि, बल, आरोग्य, सुख और प्रीति को बढ़ाने वाले रसयुक्त, चिकने और स्थिर रहने वाले होते हैं। कड़वे, खट्टे, नमकीन, बहुत गरम, तीखे, रूखे, जलन पैदा करने वाले, दुःख, चिंता एवं रोगोत्पादक आहार राजस कहलाते हैं। अधपका, रसहीन, दुर्गन्ध युक्त, बासी और उच्छिष्ट एवं अपवित्र आहार तामस कहलाते हैं। 


ठीक उसी प्रकार शास्त्र-विहित, कर्तव्य भावना से प्रेरित और फल की आसक्ति से रहित यज्ञ सात्त्विक कहलाता है। प्रदर्शन के लिये और फल की आसक्ति से सम्पन्न यज्ञ राजसी यज्ञ कहलाता है। शास्त्र-विध से विहीन, अन्न-दान रहित, बिना मंत्र और दक्षिणा के तथा बिना श्रद्धा से किये गये यज्ञ तामस कहलाते हैं। 


देवता, ब्राह्मण एवं गुरुजनों के पूजन से युक्त, पवित्रता, सरलता, ब्रह्मचर्य और अहिंसा से प्रेरित सम्पन्न होने वाले कार्य शरीर-सम्बन्धी तप कहा जाता है। मनःप्रसाद, सौम्यता, मौन, आत्मनिग्रह एवं अत्नःकरण के भावों की पूर्ण पवित्रता मन सम्बन्धी तप कहे जाते हैं। ये तीनों प्रकार के तप सात्त्विक कहे गये हैं। सत्कार, मान और पूजा के लिये, अन्य किसी स्वार्थ की पूर्ति के लिये घमण्ड से किया गया, अनिश्चित एवं क्षणिक फल वाला तप राजस कहलाता है। मूढ़ता एवं हठपूर्वक, कष्टसहित अथवा दूसरों का अनिष्ट करने के लिये किया गया तप तामस कहलाता है।


देश, काल एवं पात्रता को ध्यान में रखकर निःस्वार्थ भाव से दिया गया दान सात्त्विक कहा गया है। क्लेशपूर्वक तथा प्रत्युपकार के प्रयोजन से अथवा फल की दृष्टि से किया गया दान राजस कहा गया है। तिरस्कारपूर्वक अथवा बिना सत्कार के देश, काल और पात्रता को ध्यान में न रखकर कुपात्र को दिया गया दाप तामस कहा गया है।
इसके पश्चात् ओम्, तत् एवं सत् की महिमा के बारे में इस अध्याय में बताया गया है।


ऊँ तत्सदिति निर्देशो ब्रह्मणस्त्रिविधः स्मृतः।
ब्राह्मणस्तेन वेदाश्च यज्ञाश्च विहिताः पुरा।।गी.17.23।।


अर्थात् ‘ऊँ तत् सत्’ इन तीन शब्दों को ब्रह्म का नाम कहा गया है। उसी से सृष्टि के आदिकाल में ब्राह्मण और वेद तथा यज्ञादि रचे गये।


‘ओम’ परमात्मा का ही नाम है। अतः शास्त्र-विहित यज्ञ, दान और तप की क्रियायें सदा ही ‘ओम’ नाम के उच्चारण करके ही प्रारम्भ होती है। तैतिरीय उपनिषद के अष्टम अनुवाक् में कहा गया है - ‘ओमिति ब्रह्म, ओमिति सर्वम्’। ‘तस्य वाचकः प्रणवः’। प्रणव परमात्मा का वाचक है। ऊँ और प्रणव समानार्थी हैं। जो प्राणों के साथ संचरण करे, वह प्रणव है, अतः प्रत्येक मन्त्र के पूर्व प्रणव अथवा ओम जोड़ा जाता है। ‘तत्’ शब्द परमसत्ता परमेश्वर का संकेत-सूचक है, अर्थात् ‘तत्’ नामधारी परमात्मा का ही सब-कुछ है। मेरा कुछ नहीं, सभी उसी परमात्मा का है। इस भाव से फल की कामना न करते हुए यज्ञादि क्रियायें कर्मबन्धन से मुक्ति पाने वाले द्वारा की जाती है। ‘सत्’ परमात्मा की नित्यता और श्रेष्ठता का सूचक है। वही सर्वोपरि है, वही सर्वोत्तम है। इस प्रकार से परमात्मा का नाम जानकर सत्य भाव में ‘सत्’ का प्रयोग किया जाता है। यज्ञ, तप और दान में जो स्थिति आती है, वह भी ‘सत्’ ही है। परमात्मा को समर्पित किया गया कर्म भी ‘सत्’ ही है। इसके विपरीत बिना श्रद्धा के किया हुआ हवन, दिया हुआ दान और किया गया तप ‘असत्’ है। ओम, तत् और सत् इन तीनों शब्दों में पूरा अध्यात्म सिमटा हुआ है।


जो मनुष्य शास्त्र-विधि से रहित केवल मनःकल्पित घोर तपस्या करते हैं तथा दम्भ और अहंकार से युक्त कामना, आसक्ति और बल के अभिमान से भरे हैं, वे आसुरी स्वभाव वाले कहे गये हैं। अतः श्रद्धाहीन कर्म न तो जीवन-काल में और नहीं मृत्यु के बाद ही श्रेयस्कर होता है। इस प्रकार भगवान् अर्जुन के प्रश्न का उत्तर देते हैं।


विश्वजीत ‘सपन’

Monday, August 24, 2015

गीता ज्ञान - 16



 
 अथ षोडशोऽध्यायः

दैवासुसम्पद्विभागयोग



सोलहवें अध्याय में दैव एवं असुर सम्पदाओं का बड़ा ही स्पष्ट और सुन्दर वर्णन है। गीता के तेरहवें से पन्द्रहवें अध्यायों तक जीव-जगत्, प्रकृति, ब्रह्म विषयक दार्शनिक विचारों के चिंतन मिलते हैं, वहीं सोलहवें अध्याय में व्यावहारिक, नैतिक एवं अध्यात्म प्रधान विचारों को दैवी सम्पदा और उनके विपरीत विचारों को आसुरी सम्पदा के रूप में प्रस्तुत किया गया है। 

द्वौ भूतसर्गौ लोकेऽस्मिन्दैव आसुर एव च।
दैवो विस्तरशः प्रोक्त आसुरं पार्थ मे शृणु।।गी. 16.6।।


अर्थात् हे अर्जुन! इस लोक में मानव-समुदाय दो वर्गों में विभक्त है। प्रथम दैवी प्रकृति वाला और द्वितीय आसुरी प्रकृति वाला। उन दैवी एवं आसुरी प्रकृति वाले मानव-समुदाय के लक्षण तुम सविस्तार सुनो।


सर्वप्रथम दैवी प्रकृति वाले पुरुष का वर्णन इस अध्याय के प्रथम तीन श्लोकों में किया गया है और बाद में विस्तार से आसुरी सम्पदा का वर्णन विशेष है। दैवी-सम्पदा के लक्षण हैं - भय का सर्वथा अभाव अर्थात् अभय। यह भय दो प्रकार का होता है। बाहर का एवं भीतर का। चोर, डाकू, सर्प आदि का भय बाहरी भय है, जबकि मानव जब पाप, अन्याय अत्याचार करता है, तब उसे भीतर का भय होता है। जब ईश्वर से संबंध जुड़ जाता है तब यह भय समाप्त हो जाता है। 


इनमें अन्तःकरण की शुद्धि होती है। तत्त्वज्ञान के लिये ध्यान में दृढ़ स्थिति होती है एवं इनका ज्ञान सात्त्विक होता है। ये इन्द्रियों का दमन करना जानते हैं। ये यज्ञ, स्वाध्याय और तप में लीन रहते हैं। इनमें अन्तःकरण की सरलता होती है। इनमें अहिंसा, सत्य, अक्रोध, त्याग, शान्ति आदि के गुण होते हैं। ये निन्दा, चुगली आदि नहीं करते। ये प्राणियों पर दया करते हैं। ये अनाशक्त होते हैं। इनका स्वभाव कोमल होता है। ये बुरे कार्यों को करने में लज्जा का अनुभव करते हैं। ये व्यर्थ चेष्टा नहीं करते। इनमें तेज और धैर्य होता है। इनमें शत्रुता का भी अभाव होता है। ये पवित्र होते हैं और स्वयं में पूज्यता के अभिमान का अभाव रखते हैं। ऐसा व्यक्ति दैवी सम्पदा से युक्त होता है। 


इसके विपरीत आसुरी प्रकृति वाले मानव प्रवृत्ति और निवृत्ति को नहीं जानते। वे नहीं जानते कि क्या करना है और क्या नहीं। अतः उनमें न शुद्धि, न सदाचार और न ही सत्य का सन्निवेश रहता है। ये जगत् को आश्रयरहित, असत्य और निरीश्वर मानते हैं। इनका लक्ष्य केवल काम होता है और इसी से संसार की उत्पत्ति मानते हैं। ये दूसरों का अहित करने वाले, क्रूरकर्मी तथा जगत् की हानि करने के लिये ही जन्म लेते हैं। इनमें दम्भ, मान, मद पूर्णतः होता है। ये अज्ञान से मिथ्या सिद्धान्तों को ग्रहण करके, अपवित्र धारणाओं को धारण करके संसार में विचरण करते हैं। ये विषय भोगों को ही सुख मानते हैं। ये धनादि के संग्रह में विश्वास करते हैं। ये धन के पीछे भागते रहते हैं। ये स्वयं को सिद्ध, बलवान् और सुखी मानते हैं। मेरे समान कोई दूसरा नहीं है, ऐसा अभिमान इनका रहता है। शत्रुओं को मारकर ये स्वयं को बड़ा सिद्ध करते हैं। स्वयं श्रेष्ठ मानने वाले ये घमण्डी धन और मान के मद से युक्त केवल नाममात्र के यज्ञों द्वारा पाखण्ड से शास्त्र-विधि से रहित यजन करते हैं। ऐसे असुरी प्रकृति वाले पुनः-पुनः संसार के इन्हीं आसुरी योनियों में जन्म लेते हैं। बार-बार आसुरी योनि में गिरकर बाद में और भी अधोगति को प्राप्त होते हैं और घोर नरक में गिरते हैं।


त्रिविधं नरकस्येदं द्वारं नाशनमात्मनः।
कामः क्रोधस्तथा लोभस्तस्मादेतस्त्रयं त्यजेत।।गी. 16.21।।


अर्थात् काम, क्रोध तथा लोभ ये तीन प्रकार के नरक के द्वार हैं। ये आत्मा को अधोगति में डालकर उसके आनन्द तत्त्व को नष्ट कर देने वाले हैं, अस्तु इन तीनों को त्याग देना चाहिए।


तात्पर्य यह कि इन तीनों नरक के द्वारों से मुक्त पुरुष स्वयं के कल्याण का कार्य कर लेता है और इस प्रकार वह ईश्वर को प्राप्त कर परमगति को प्राप्त हो जाता है। 


भौतिकवादी अहं-प्रेरित महत्त्वाकांक्षा व्यक्ति और समाज के हित में नहीं है। इसके द्वारा व्यक्ति में अशान्ति और तनाव तथा समाज में ध्वंसात्मकता का प्रचार-प्रसार होता है। आसुरी सम्पद् वाले पुरुष रजोगुण प्रधान होने के कारण भौतिक वैभव अर्जन करते हैं। वे दूसरों के दुःख पर अपने सुख का निर्माण करते हैं, अतः नरक में जाते हैं। जबकि दैवी सम्पद् वाले पुरुष दूसरों को सुखी देखना चाहते हैं। कहते हैं कि दूसरों को सुखी देखने की चाह वाला कभी दुःखी नहीं हो सकता। अतः दैवी सम्पद् को अपना कर अपना कार्य सिद्ध करना चाहिए। यही गीता के इस अध्याय का संदेश है।


विश्वजीत ‘सपन’

Tuesday, August 4, 2015

गीता ज्ञान - 15


अथ पञ्चदशोऽध्यायः

पुरुषोत्तमयोग

पन्द्रहवें अध्याय को पुरुषोत्तम योग कहा गया है। इस अध्याय में जगत्, जीवात्मा और परमात्मा के स्वरूप का वर्णन किया गया है। संसार के स्वरूप को पीपल के वृक्ष के प्रतीक के रूप में समझाने की चेष्टा की गयी है, जो अति-विलक्षण वृक्ष है।


ऊर्ध्वमूलमधःशाखमश्वत्थं प्राहुरव्ययम्।
छन्दांसि यस्य पर्णानि यस्तं वेद स वेदवित्।। गी. 15.1।।


सामान्य वृक्ष की जड़ें नीचे होती हैं और शाखायें ऊपर, किन्तु इस संसार वृक्ष की जड़ें ऊपर की ओर और शाखायें नीचे की ओर हैं। इसके मूल में परमात्मा का वास है तथा इसकी उत्पत्ति का कारण परमात्मा ही हैं। इसके पत्ते वेद हैं। वेद का अर्थ ज्ञान होता है। ज्ञान के कारण प्राणी जीवित है और वेद वर्णित ज्ञान ही संसार के विकास का प्रमुख साधन है। इस वृक्ष को जिसने जान लिया, उसने समस्त वेदों को जान लिया। इसकी शाखायें सत्त्वगुण, रजोगुण और तमोगुण से सिंचित होकर बढ़ती आयी हैं। इनमें जो कोंपलें हैं, वे ही विषय हैं। इसमें कर्मबंधन वाली अहंता (मैं-पन), ममता (मेरा-पन) और वासनारूपी जड़ें और ऊपर सभी लोकों में फैली हुई हैं।


इस संसार रूपी वृक्ष की गति भी विलक्षण है। इसका स्वरूप असल में भिन्न है, जैसा इसे देखा अथवा बताया गया है। तत्त्वज्ञान होने पर इसका स्वरूप भिन्न दिखायी देता है। यह संसार प्रतिपल परिवर्तनशील है। इस संसार में व्यक्ति, वस्तु अथवा प्राणियों का विकास-क्रम समाप्त नहीं होता है। वह अनादि काल से चलता आ रहा है और अनन्त काल तक चलता ही रहेगा। इस संसार में दो प्रकार के पुरुष हैं, क्षर (नाशवान्) तथा अक्षर (अनश्वर), इनमें प्राणियों का शरीर क्षर है और जीवात्मा का अक्षर। यही अपरा और परा प्रकृति है। यही क्षेत्र और क्षेत्रज्ञ भी कहा गया है।


ममैवांशो जीवलोके जीवभूतः सनातनः।
मनःषष्ठानीन्द्रियाणि प्रकृतिस्थनि कर्षति।। गी.15.7।।


अर्थात् इस देह में स्थित जीवात्मा जो सनातन है, वह मेरा ही अंश है, परन्तु प्रकृति में स्थित होने पर वही मन एवं इन्द्रियों को आकर्षित करता है तथा उन्हें सजातीय मान लेता है। तात्पर्य यह कि जीवात्मा तो परमात्मा का ही अंश है, किन्तु वह मन एवं इन्द्रियों से अपनत्व जोड़ लेता है, जबकि यह वास्तविकता नहीं है। वास्तव में मात्र एक ही सत्य है, परमात्मा। इसी कारण मनुष्य नव शरीर धारण करता है, क्योंकि वह जिस शरीर का त्याग करता है, उसके समस्त संस्कारों को समेट लेता है। साथ ही इन्द्रियों द्वारा विषयों का सेवन करता है। शरीर को त्याग कर तीनों गुणों से युक्त आत्मा को अज्ञानीजन नहीं जान पाते हैं, क्योंकि उन्होंने अपने अन्तःकरण को शुद्ध नहीं किया होता है। मोहवश वे इन्द्रियों के बंधन में बंध जाते हैं और नवीन शरीर धारण करते हैं, किन्तु विवेकशील ज्ञानी इस आत्मा को तत्त्वपूर्वक जान लेते हैं। 


इसके पश्चात् भगवान् परमात्मा का वर्णन करते हुए कहते हैं कि हे अर्जुन! जो तेज सम्पूर्ण जगत् का प्रकाशक है तथा जो तेज सूर्य, अग्नि और चन्द्रमा में व्याप्त है, वह परमात्मा का ही हैं। वे ही पृथ्वी में प्रवेश करके अपनी शक्ति से सम्पूर्ण जगत् को धारण करते हैं और वे ही रसरूप चन्द्रमा होकर सम्पूर्ण औषधियों को पुष्ट करते हैं। वे समस्त प्राणियों के हृदय में सूक्ष्म रूप से स्थित होते हैं और उनसे ही स्मृति, ज्ञान और बुद्धि में रहने वाले संशय दूर होते हैं। वे ही परब्रह्म और वेदज्ञ हैं। 


उत्तमः पुरुषस्त्वन्यः परमात्मेत्युदाहृत।
यो लोकत्रयमाविश्य बिभर्त्यव्यय ईश्वरः।। गी.15.17।।


श्री भगवान् कहते हैं कि इस संसार में नाशवान् और अनश्वर दो प्रकार के पुरुष हैं और इन दोनों से उत्तम परमपुरुष वह है, जो इनसे पृथक् तीनों लोकों में प्रवेश करके सबका पोषण करता है, जो अविनाशी, परमेश्वर, परमात्मा नामों से पुकारा जाता है। वह नश्वर जड़वर्ग ‘क्षेत्र’ से सर्वथा अतीत हैं और जीवात्मा से भी उत्तम हैं। अस्तु वे लोक और वेद में ‘पुरुषोत्तम’ नाम से प्रसिद्ध हैं। जो भी ज्ञानी उन्हें इस प्रकार तत्त्वपूर्वक से पुरुषोत्तम रूप में जानता है, वह सर्वज्ञ पुरुष सब प्रकार से निरन्तर वासुदेव परमेश्वर को ही भजता है। पुरुषोत्तम में भक्ति जीव की मुक्ति का कारण है। यही परमात्मा अथवा ईश्वर है और यही सत्य है।

---------------------
विश्वजीत ‘सपन’ 

Saturday, June 13, 2015

गीता ज्ञान -14


 
अथ चतुर्दशोऽध्यायः

 
गुणत्रयविभाग योग


 
प्रस्तुत 14वाँ अध्याय ‘गुणत्रयविभाग योग’ कहलाता है। 13वें अध्याय के अंत में भगवान् ने कहा कि ज्ञानचक्षु से क्षेत्र एवं क्षेत्रज्ञ के भेद को देखने वाला परमात्मा को प्राप्त हो जाता है। तब प्रश्न उठता है कि वह ज्ञान क्या है? उसका स्वरूप क्या हैं? उसे प्राप्त करने के उपाय क्या हैं? इन्हीं प्रश्नों के उत्तर हमें इस अध्याय में प्राप्त होते हैं और इसमें प्रकृति के तीन विशेष गुणों के संदर्भ में विस्तार से बताया गया है। 

इस अध्याय के प्रारम्भ के दो श्लोकों में इसी ज्ञान की महिमा बताई गयी है कि संसार में प्रकृति-पुरुष के भेद बताने वाला ज्ञान किसी भी प्रकार के ज्ञान से उत्तम है। इस ज्ञान से मुनिजन इस संसार से मुक्त होकर परम सिद्धि को प्राप्त हो गये हैं। सभी योनियों से जितने शरीरधारी प्राणी उत्पन्न होते हैं उनकी योनि तो प्रकृति है और ईश्वर बीज की स्थापना करने वाला पिता है अर्थात् परमात्मा ही पिता है और प्रकृति माता, जिनके संसर्ग से सृष्टि का विकास होता है। समस्त प्राणियों और जड़जंगम की उत्पत्ति होती है। यही ज्ञान सर्वश्रेष्ठ ज्ञान है। इसी प्रकृति के गर्भ से तीन गुण उत्पन्न होते हैं - सत्त्वगुण, रजोगुण और तमोगुण।


सत्त्वं रजस्तम इति गुणाः प्रकृतिसम्भवाः।
निबध्नन्ति महाबाहो देहे देहिनमव्ययम्।।गी.14.5।।


अर्थात् हे महाबाहो! प्रकृति के गर्भ से तीन गुण उत्पन्न होते हैं - सत्त्वगुण, रजोगुण और तमोगुण। ये तीनों गुण अक्षय हैं और जीवात्मा को शरीर में बाँधकर परवश कर देते हैं।


सत्त्वगुण निर्मल होने के कारण प्रकाशक और निर्विकार है। वह सुख और ज्ञान के आकर्षण के सम्बन्ध से जीव को बाँधता है। सृष्टि में जो दीप्ति, प्रकाश, ज्ञान एवं सात्त्विकता का अंश है, उसका कारण सत्त्वगुण ही है। 


रजोगुण रागात्मक है। यह विषयों के प्रति तृष्णा और आसक्ति से उत्पन्न होता है और जीवात्मा को उसके कर्मों के फल की आसक्ति के द्वारा बाँधता है। जो गति, प्रकृति अथवा क्रियाशीलता है, उसका कारण रजोगुण है। 


तमोगुण भटकाने वाला है। यह जीवात्मा को प्रमाद, आलस्य और निद्रा के द्वारा बाँधता है। अर्थात् जो आलस्य, प्रमाद, जड़ता, अज्ञान, अंधकार है, उसका कारण तमोगुण ही है। और इस प्रकार प्रकृति त्रिगुणात्मिका है। इस विषय पर गीताकार विस्तृत व्याख्या करते हैं।


रजोगुण एवं तमोगुण को दबाकर सत्त्वगुण, सत्त्वगुण और तमोगुण को दबाकर रजोगुण तथा सत्त्वगुण और रजोगुण को दबाकर तमोगुण की अभिवृद्धि होती है। सत्त्वगुण के बढ़ने पर अन्तःकरण और इन्द्रियों में चेतना और विवेकशक्ति उत्पन्न होती है। मन शुद्ध होता है। रजोगुण के बढ़ने पर लोभ, स्वार्थ और बुद्धि से कर्मों को सकाम भाव से आरम्भ करने की प्रवृत्ति जगती है। तमोगुण के बढ़ने पर अन्तःकरण और इन्द्रियों में अज्ञान का अंधकार, कर्तव्य कर्मों में अप्रवृत्ति और निद्रादि वृत्तियाँ उत्पन्न होती हैं। इस प्रकार कहा जाये, तो सत्त्वगुण से ज्ञान, रजोगुण से लोभ और तमोगुण से प्रमाद एवं मोह उत्पन्न होते हैं।


ऐसे गुणों वाले मानव की मृत्यु होने पर क्या-क्या संभव है, इस पर गीताकार विचार व्यक्त करते हुए कहते हैं कि सत्त्वगुण के वृद्धिकाल में शरीर छोड़ने वाले को स्वर्गादि लोक प्राप्त होते हैं, रजोगुण के वृद्धिकाल में शरीर छोड़ने वाले मर्त्यलोक में रहते हैं, वे कर्मासक्त घरों में पैदा होते हैं। तमोगुण के वृद्धिकाल में शरीर छोड़ने वाले नरकादि में जाते हैं और कीट, पशु आदि योनियों में उनके जन्म होते हैं।
इन गुणों के कारण ही व्यक्ति के आचरण में अच्छाई या बुराई, तृष्णा या त्याग, प्रवृत्ति या निवृत्ति, चेतना या आलस्य के रूप में विशेषतायें आती हैं। ये गुण स्वभाव बनाते हैं। मनुष्य उसी प्रकार के स्वभाव से बँधा रहता है। सत्त्वगुण का लौकिक परिणाम और स्वरूप श्रेष्ठ माना जाता है, किन्तु वह भी ‘मैं अच्छा हूँ’, ‘मैं महान हूँ’, ‘मैं गुणी हूँ’, ‘मैं त्यागी हूँ’, आदि सात्त्विक अभिमान से बाँधता है। गुण शब्द ही बंधनकारक है। अतः गुणातीत की बात बताई गयी है। पातंजल योगसूत्र के अनुसार भी गुणातीत को ही कैवल्य का अधिकारी बताया गया है। यहाँ भगवान् भी यही कहते हैं।


गुणानेतानतीत्य त्रीन् देही देहसमुद्भवान्।
जन्ममृत्युजरादुःखैर्विमुक्तोऽमृतमश्नुते।।गी.14.20।।


अर्थात् यह सम्पूर्ण शरीर, मन-बुद्धि आदि और इन्द्रियों के उपभोग विषय और वस्तुयें, प्रकृति से उत्पन्न होने वाले तीनो गुणों आदि के ही कार्य हैं और जो ऐसा समझकर गुणातीत जीवन बिताता है, वह जन्म-मृत्यु आदि दोषों से मुक्त हुआ परमानन्द को प्राप्त होता है।


कहने का अर्थ यह है कि जो इन गुणों से उत्पन्न होने वाले प्रभावों में विचलित नहीं होता है, ‘‘मैं आत्मा हूँ’’ ऐसा निरन्तर भाव रखता है, मान-सम्मान, निन्दा-स्तुति में समान भाव वाला रहता है, परमात्मा पर दृढ़ निश्चयपूर्वक आश्रित रहता है, वह पुरुष गुणातीत कहलाता है। ऐसा पुरुष जब भगवान् में पूर्ण समर्पण भाव से लिप्त होता है, तो वह जन्म-मृत्यु आदि दुःख-दोषों से मुक्त होकर परमानन्द को प्राप्त होता है।
 

*** विश्वजीत ‘सपन’

Thursday, March 5, 2015

गीता ज्ञान - अध्याय 13


                                                                     


  
                                     अथ त्रयोदशोऽध्यायः

                                                                     
                                                                   क्षेत्र-क्षेत्रज्ञविभाग योग
   

गीता की अध्याय योजना अनुपम है। जीवन-दर्शन को इतनी सरलता, सहजता एवं तारतम्य से समझाया गया है कि देखते ही बनता है। इस तेरहवें अध्याय को क्षेत्र-क्षेत्रज्ञविभागयोग कहा गया है। यह बहुत महत्त्वपूर्ण अध्याय है, जहाँ भगवान् आत्मतत्त्व-ज्ञान की ओर पुनः उन्मुख होते हैं। हमने पूर्व में जाना कि ज्ञान, कर्म एवं भक्ति क्या है? उनका महत्त्व क्या है? इस अध्याय में उस ज्ञान को संक्षेप में बताया गया है, जिसका भ्रम ही मानव को परमात्मा के मिलन से दूर रखता है। अध्याय के प्रथम श्लोक में ही क्षेत्र-क्षेत्रज्ञ के इस संदर्भ में बताया गया है।
 

इदं शरीरं कौन्तेय क्षेत्रमित्यभिधीयते।
एतद्यो वेत्ति तं प्राहुः क्षेत्रज्ञ इति तद्विदः।।गी.13.1।।

 

अर्थात् हे अर्जुन! यह शरीर ‘क्षेत्र’ नाम वाला कहा गया है और जो इसको जानता है, ज्ञानीजन उसे ही ‘क्षेत्रज्ञ’ कहते हैं। तो यह शरीर ही ‘क्षेत्र’ है और शरीरी आत्मा ही ‘क्षेत्रज्ञ’ है।
 

इसके बाद भगवान् क्षेत्र का स्वरूप, क्षेत्रज्ञ की स्थिति, प्रकृति-पुरुष आदि का वर्णन करते हुए सगुण-निर्गुण बह्म आदि के सम्यक् ज्ञान द्वारा प्ररब्रह्म की प्राप्ति को बताते हैं। यह अध्याय सूक्ष्म रूप से तत्त्वज्ञान को प्रतिपादित करता है।
 

क्षेत्र का स्वरूप बताते हुए भगवान कहते हैं कि संक्षेप में पंच महाभूत - आकाश, वायु, अग्नि, जल एवं पृथ्वी, दस इन्द्रियाँ, बुद्धि, अहंकार और मूल प्रकृति, एक मन और पाँच ज्ञानेन्द्रियाँ - शब्द, स्पर्श, रूप, रस एवं गंध तथा इच्छा, द्वेष, सुख, दुःख, स्थूल देहपिण्ड, चेतनाशक्ति और धृति इनका समूह ही क्षेत्र कहा जाता है। इन सभी को ही सत्य मान लेना मानव-भ्रम है। इनसे छुटकारा पाकर ही मनुष्य ज्ञान का अधिकारी होता है। इस विषय पर वे कहते हैंः-
 

कार्यकरणकर्तृत्वे हेतुः प्रकृतिरुच्यते।
पुरुषः सुखदुःखानां भोक्तृत्वे हेतुरुच्यते।। गी.13.20।।

 

क्षेत्र के स्वरूप को जान लेने के बाद यह समझना आसान होगा कि जो भी होता है, वह ‘कार्य’ है, जिसके माध्यम से कार्य होता है, वह ‘करण’ अथवा साधन है। ये पंच महाभूत और उसके पाँच गुण - दस ‘कार्य’ हैं और पाँच कर्मेन्द्रियाँ, पाँच ज्ञानेन्द्रियाँ तथा मन-बुद्धि-अहंकार - ये तेरह ‘करण’ हैं। ये तेईस तत्त्व प्रकृति से सम्बन्धित हैं। इनसे भिन्न पुरुष होता है, जो अजर-अमर है। जो भी मानवीय विकार आदि होते हैं, वे इसी प्रकृति में होते हैं और पुरुष जब इसे अपना लेता है, तो वह कष्ट पाता है। जो प्रकृतिस्थ (प्रकृति द्वारा प्रदत्त शरीर को अपना मान लेना) होता है अर्थात् प्रकृतिजन्य त्रिगुणात्मक का भोक्ता बनता है तथा सत्त्व, रजस् एवं तमस् गुणों से प्रभावित होता है, वही विभिन्न योनियों में जन्म लेता रहता है और अनेक योनियों में फँसकर कष्ट पाता रहता है।
 

वास्तव में इस शरीर में यह पुरुष (आत्मा) ही परमात्मा है। अतः जो मनुष्य प्रकृति को गुणों सहित और पुरुष को जान जाता है, वह कर्म-बन्धन से मुक्त होकर जन्म-मरण के चक्र से सदा के लिये छूट जाता है।
 

यहीं पर ईश्वर पुनः कहते हैं कि ईश्वर प्राप्ति के अनेक साधन हैं। कोई ध्यान से उनमें मन लगता है (ध्यानयोग), तो कई अन्य ज्ञानयोग द्वारा उन्हें प्राप्त करते हैं और भी कई अन्य कर्मयोग द्वारा उन्हें प्राप्त करते हैं। कितने तो ऐसे भी हैं, जो इनसे भी मंदबुद्धि वाले होते हैं और तत्त्वज्ञ (ज्ञानीजन) की बातें सुनकर तदनुसार उपासना करके इस संसार-सागर को पार कर जाते हैं। लक्ष्य एक ही है - ईश्वर-प्राप्ति। साधन अनेक हो सकते हैं, किन्तु यह ज्ञान होना भी आवश्यक हैं कि जितने भी जड़-चेतन जीव उत्पन्न होते हैं, वे क्षेत्र एवं क्षेत्रज्ञ के संयोग से ही होते हैं। यथार्थ द्रष्टा वही है, जो विनाशशील चराचर भूतों में उस एक परमेश्वर को समभाव से देखता है, जो समस्त क्रियाओं को प्रकृति द्वारा किया हुआ देखता है अर्थात् अपनी आत्मा को अकर्ता देखता है, जो समस्त प्राणियों के पृथक् भावों को एक परमात्मा में स्थित और परमात्मा से ही समस्त प्राणियों का विस्तार देखता है।
 

क्योंकि परमब्रह्म अनादि है, अनंत है और सत्-असत् से परे अत्यन्त सूक्ष्म है। उसके ही आकार-प्रकार सर्वत्र विद्यमान हैं, वह इस संसार में सबमें व्याप्त होकर स्थित है। वह समस्त इन्द्रियों से रहित भी इन इन्द्रिय-विषयों का ज्ञाता है। वह अनासक्त होने पर भी सबका भरण-पोषण करता है। वह निर्गुण है, किन्तु गुणों का भोक्ता है। वह वैसे तो समस्त चराचर के भीतर परिपूर्ण है और चर-अचर समस्त रूप में स्थित भी है, किन्तु अति-सूक्ष्म होने से मानव-मन और बुद्धि की पकड़ से बाहर रह जाता है। यही परमात्मा जानने के योग्य है और यही तत्त्वज्ञान के द्वारा प्राप्त है।
 

इस प्रकार यदि हम इस अध्याय के सार-तत्त्व को संक्षेप में कहें, तो आध्यात्म ज्ञान ही सर्वश्रेष्ठ है।
 

अध्यात्मज्ञाननित्यत्वं तत्त्वज्ञानार्थदर्शनम्।
एतज्ज्ञानमिति प्रोक्तमज्ञानं यदतोऽन्यथा।। गी.13.11।।

 

अर्थात् अध्यात्म ज्ञान में नित्य स्थिति और तत्त्वज्ञान के प्रयोजन के रूप में परमात्मा को सर्वत्र देखने की प्रवृत्ति ही ‘ज्ञान’ है और इसके विपरीत सभी अज्ञान है। यही ज्ञान क्षेत्र (शरीर), क्षेत्रज्ञ (आत्मा) और उसकी भ्रान्ति के कारण उत्पन्न विकारों से मुक्ति का उपादान है। इस ज्ञान का ज्ञेय और कोई नहीं, श्रेष्ठ, अजर-अमर, अनासक्त परमात्मा ही है। वह परम-सत्ता अविभक्त होते हुए भी विभक्त दिखाई देती है, क्योंकि विकार मन उस सूक्ष्म को नहीं जान पाता है। यही मानव के जानने योग्य ज्ञान है और यही ईश्वर प्राप्ति का साधन है।
 

विश्वजीत ‘सपन’

Saturday, January 31, 2015

गीता ज्ञान - अध्याय 12

                                               अथ द्वादशोऽध्यायः
 



गीता के सातवें अध्याय से ग्यारहवें अध्याय तक भक्त, भक्ति, आराधना, आराधक, उपासना आदि विषयों पर व्यापक विचार हुआ है। बारहवें अध्याय में साकार एवं निराकार उपासना के प्रकार एवं निराकार ब्रह्म के स्वरूप के साथ-साथ ईश्वर प्राप्ति के उपाय और भक्त के लक्षण को महत्ता दी गयी है। इस अध्याय में यह भी बताया गया है कि साकार उपासना किस प्रकार सहज और सुलभ है।

गीताकार ने अर्जुन के प्रश्न द्वारा सगुण और निर्गुण दोनों प्रकार के उपासकों की जिज्ञासा रखी है कि एक ओर कुछ ऐसे लोग हैं, जो ईश्वर के अनन्य प्रेमी हैं। वे निरन्तर ध्यान करके प्रभु के साकार स्वरूप की उपासना करते हैं, जबकि दूसरी ओर ऐसे भी लोग हैं, जो अव्यक्त और निराकार स्वरूप की उपासना करते हैं। ऐसा क्यों है और इनमें श्रेष्ठ कौन हैं?


इस स्वाभाविक प्रश्न का उत्तर भगवान् इस प्रकार देते हैं -
 

मय्यावेश्य मनो ये मां नित्ययुक्ता उपासते।
श्रद्धया परयोपेतास्ते मे युक्ततमा मताः।।गी.12.2।।


अर्थात् मुझमें ध्यान द्वारा मन को एकाग्र करके, परम श्रद्धा से युक्त होकर, मेरे सगुण रूप की जो उपासना करते हैं, मेरे मत से वे ही अधिक उत्तम हैं।


विचारणीय है कि सगुण उपासना सहज एवं सरल है। सकारोपासना की सहजता इस तथ्य पर निर्भर है कि मनुष्य की प्रवृत्ति में आसक्ति का भाव सहज है। जीवन-क्रम में इसी आसक्ति से सांसारिक बंधन में वह बँधा रहता है और यही आसक्ति उसे इष्ट की ओर सहजता से मोड़ देती है, क्योंकि साकार भक्ति में वात्सल्य, सख्य, कान्ता, दास्य आदि भाव हमेशा ही उपस्थित रहते हैं। निराकार उपासना में वैराग्य की परमावश्यकता होती है, जबकि साकार उपासना अपने कर्म के साथ, अपने कर्तव्य के साथ एक आम जीवन में जीकर भी संभव है। ईश्वर निराकार उपासना में भी मिलते हैं, किन्तु कठिन मार्ग का अनुसरण आम व्यक्ति के लिये कठिनाइयों के आमंत्रण ही कहे जायेंगे। निराकारोपासना में चंचल मन को आसक्ति-रहित करना अति आवश्यक हो जाता है, जो एक आसक्ति भरे चित्त वाले व्यक्ति के लिये संभव करना आसान नहीं होता है। अत्यधिक तप आदि से और सांसारिक माया-मोहों के त्याग करना सहज ही दुष्कर कार्य है। इसमें आलम्बन के सूक्ष्म होने से साधक को मन-इन्द्रियों को टिकाने का आधार मिलना कठिन होता है। सगुण उपासक अपनी भावना के अनुसार ईश्वर से जुड़ जाते हैं, अपने अनुसार उनके स्वरूप को अपना लेते हैं, वे चाहे किसी भी देवी-देवता का स्वरूप हो और अपने सभी कर्म उन्हें समर्पित कर देते हैं, तो यह अनन्य भक्ति में साध्य का मिलना तय है। उन्हें आवश्यकता होती है केवल ध्यान लगाने की।


ध्यान किस प्रकार लगाना चाहिये, तो इसके बारे में ईश्वर बताते हुए कहते हैं कि व्यक्ति को ईश्वर में मन और बुद्धि को लगाकर एकाग्रता प्राप्त करनी चाहिये, क्योंकि इसी ध्यानावस्था की प्रगाढ़ता में ध्याता-ध्येय का भेद मिट जाता है और मात्र ध्येय ही शेष रह जाते हैं। यह प्रगाढ़ता सरलता से नहीं आती, किन्तु मनुष्य निरन्तर अभ्यास से इसे प्राप्त कर सकता है। कभी अभ्यास में भी समय लग सकता है, तो इससे निराश न होकर अपने कर्म करते जाना चाहिये, क्योंकि वे कर्म ही उनके कर्तव्य होने से ईश्वर के निकट लाने का साधन बनते हैं। निष्काम कर्मयोग ही मनुष्य-जीवन का आधार होना चाहिये।


श्रेयो हि ज्ञानमभ्यासाज्ज्ञानाद्धयानं विशिष्यते।
ध्यानात्कर्मफलत्यागस्त्यागाच्छान्तिरनन्तरम्।।गी.12.12।।


अर्थात् तत्त्वज्ञान के अभ्यास से तत्त्वज्ञान श्रेष्ठ है, ज्ञान से ध्यान श्रेष्ठ है, ध्यान से सब कर्मों के फल का त्याग श्रेष्ठ है, क्योंकि त्याग से तत्काल ही परमशान्ति प्राप्त होती है।


इसके बाद गीताकार भक्त के लक्षण आठ श्लोंकों में इस प्रकार बताते हैं -


जो किसी से द्वेष नहीं करता, स्वार्थरहित होकर सबसे प्रेम करता है, बिना किसी हेतु के दयालु है, ममता एवं अहंकाररहित है, सुख-दुःख की प्राप्ति में सम एवं क्षमाशील है, वह योगी जो निरन्तर सन्तुष्ट है, मन, बुद्धि, इन्द्रियों को वश में करने वाला है, ईश्वर में दृढ़-विश्वासी है और उन्हें मन और बुद्धि को समर्पित करने वाला है, जो कभी उद्विग्न, भयभीत या परेशान नहीं होता, जिससे कोई उद्विग्न, भयभीत या परेशान नहीं होता, जो हर्ष, अमर्ष (ईर्ष्या), भय और उद्वेग से रहित है, जो कोई अपेक्षा या आकांक्षा नहीं रखता, बाहर-भीतर पवित्र है, तटस्थ, व्यथारहित तथा सांसारिक प्रपंचों का परित्याग करता है, जो शत्रु और मित्र में मान एवं सम्मान का समभाव रखता है, जो सभी प्रकार के द्वन्द्वों में सम रहता है, निंदा या स्तुति को समान समझता है, मननशील है, जीवन-क्रम में प्राप्य में ही संतुष्ट रहता है, जिसकी बुद्धि स्थिर है अर्थात् स्थितप्रज्ञ है और भक्तियुक्त है, वही सच्चा भक्त है और ईश्वर को प्रिय है।


इस अध्याय का मूलाधार सगुण एवं निराकार उपासना का भेद बतलाना है। लोगों को ईश्वर-प्राप्ति का साधन बतलाना, भक्त के लक्षण बतलाना और भक्तिमार्ग को प्रशस्त करना ही है। यह अध्याय इस आवश्यकता को भी प्रमाणित करता है कि मनुष्य स्वयं को ईश्वर को पूर्ण रूप से समर्पित कर दे। उनमें तल्लीन कर ले। यही भक्ति-मार्ग है और यही जीवन के लिये उपयुक्त एवं सरल मार्ग है।


विश्वजीत ‘सपन’