Wednesday, September 10, 2014

गीता ज्ञान - 8




                                                                   अक्षरब्रह्मयोग

गीता के आठवें अध्याय में ब्रह्म के निराकार स्वरूप की विशेष चर्चा की गई है, जो श्वेताश्वर उपनिषद् के तृतीय अध्याय से विशेष प्रभावित है। ‘बृहं’ धातु से व्युत्पन्न ‘ब्रह्म’ शब्द परमशक्ति के सर्वव्यापकत्व का विशेष द्योतन करता है। उधर ‘अक्षर’ का अर्थ कोष में अच्युत, स्थिर, नित्य, अविनाशी है। यह विष्णु के लिये भी प्रयुक्त है एवं ब्रह्म के विशेषण के रूप में भी।
सातवें अध्याय के अन्त में भगवान् कहते हैं कि ब्रह्म, अध्यात्म, कर्म, अधिभूत, अधिदैव और अधियज्ञ - इन छः तत्त्वों को जान लेने एवं स्मरण से भगवत् स्वरूप की प्राप्ति होती है। यही आठवें अध्याय का प्रारंभ बनता है, जो ‘अक्षर’ एवं ‘ब्रह्म’ को विस्तार से समझने में सहायक होता है। भक्ति मार्ग पर चलने के पूर्व मानव को यह ज्ञान होना आवश्यक है कि ‘अक्षर-ब्रह्म’ क्या है? इसकी विस्तृत विवेचना के कारण ही इस अध्याय का नाम ‘अक्षरब्रह्मयोग’ पड़ा है।


इस अध्याय में जाने के पूर्व यह याद करना आवश्यक है कि पिछले अध्याय में भगवान् ने बताया था कि ब्रह्म जीव-जगत्, इन सभी रूपों में ईश्वर का ही विस्तार है। वे ही सृष्टि के महाकारण हैं। अतः जो इन छः तत्त्वों के स्वरूप को समग्रता में समझकर अन्तकाल में भगवत्स्मरण करते हैं, वे ईश्वर को प्राप्त हो जाते हैं। इनके बारे में सुनकर अर्जुन को जिज्ञासा हुई। अर्जुन ने सात प्रश्न किये कि हे पुरुषोत्तम श्रीकृष्ण! - (1) ब्रह्म क्या है? (2) अध्यात्म क्या है? (3) कर्म क्या है? (4) अधिभूत क्या है? (5) अधिदैव किसे कहते हैं? (6) अधियज्ञ कौन है और वह इस शरीर में कैसे रहता है? (7) तथा नियतात्मा मनुष्य के द्वारा अंतकाल में आप किस प्रकार जाने जाते हैं? उनकी इस जिज्ञासा को भगवान् शांत करते हुए कहते हैं। 


अक्षरं ब्रह्म परमं स्वभावोऽध्यात्ममुच्यते।
भूतभावो
वकरो विसर्गः कर्मसञ्चितः।।गी.8.3।।
अधिभूतं क्षरो भावः पुरुषश्चाधिवैतम्।
अधियज्ञोऽहमेवात्र देहे देहभृतां वर।।गी.8.4।।


तात्पर्य यह है कि अविनाशी तत्त्व ही ‘ब्रह्म’ है, जो सर्वोपरि है। ब्रह्म का जीवात्मा रूप में प्राणियों में प्रवेश ही ‘अध्यात्म’ है, अर्थात् शरीरों की स्थिति जिसके कारण है, वह जीवात्मा ही ‘अध्यात्म’ है। एक ही ब्रह्म का अनेक प्राणियों में क्रियाशील होने का संकल्प ही कर्मों का आरंभ है। तात्पर्य यह है कि सृष्टि के आरंभ में प्राणियों की उत्पत्ति ब्रह्म से हुई। तब मैं एक ही हूँ जबकि लोग नानाविध मानते हैं, इस भाव का त्याग अथवा यज्ञादि में याजकों द्वारा हव्यद्रव्यों का त्याग ही ‘कर्म’ है। उत्पत्ति और विनाशशील समस्त वस्तुयें ‘अधिभूत’ हैं। हिरण्यमय पुरुष ही ‘अधिदैव’ है और परमात्मा का अन्तर्यामी परम चैतन्य मुक्त रूप ही ‘अधियज्ञ’ है। वे यह भी कहते हैं कि इस शरीर में मैं वासुदेव ही अन्तर्यामी रूप से अधियज्ञ हूँ।


प्रथम छः प्रश्नों के उत्तर संक्षेप में बताने के बाद वे सातवें प्रश्न को विस्तार से बताते हुए कहते हैं कि अन्तकाल में जो-जो मनुष्य जिस-जिस भाव का स्मरण करता हुआ शरीर त्याग करता है, उस-उस भाव से ही उसका पुनर्जन्म होता है। जबकि वह साधक जो ईश्वर को स्मरण करता हुआ अपने शरीर का त्याग करता है तो वह ईश्वर के स्वरूप को प्राप्त करता है। इसे ही मोक्ष कहते हैं।


इसकी विधि का वर्णन करते हुए वे कहते हैं।


सर्वद्वाराणि संयम्य मनो हृदि निरुध्य च।
मूर्ध्न्याधायात्मनः प्राणमास्थितो योगधारणम्।।गी. 8.12।।
ओमित्येकाक्षरं ब्रह्म व्याहरन्मामनुस्मरन्।
यः प्रयाति त्यजन्देहं स याति परमां गतिम्।।गी.8.13।।


वस्तुतः यहाँ ईश्वर ने योगबल से प्राण-त्याग की बात कही है कि इन्द्रिय द्वारों को संयमित कर, मन को हृदय के स्थान में स्थिर कर, मन द्वारा प्राण को प्राणायाम की क्रियाओं के द्वारा मस्तक में स्थापित करके योगधारणा में स्थिर होना चाहिए। अर्थ यह कि इन्द्रियों से कोई भी चेष्टा न करना, उसके बाद परमात्मा में ध्यान स्थिर करना ही योगधारणा है। उसके पश्चात् एक अक्षर ‘ॐ’ का जाप करते हुए एवं ईश्वर को स्मरण करते हुए जो शरीर का त्याग करता है, वही परमगति को प्राप्त करता है। किन्तु यह सरल नहीं है। एक सामान्य व्यक्ति योगबल से अपरिचित होता है और उसकी साधना उसके लिये दुष्कर है। अतः वे आगे कहते हैं कि यह नहीं तो जो कोई भी एकनिष्ठ भाव से ईश्वर का निरन्तर स्मरण करता है, उसे भी ईश्वर स्वरूप की प्राप्ति होती है।


अन्यथा पुनर्जन्म अवश्यंभावी है। इस हेतु दो मार्गों के वर्णन किये गये हैं कि ये शुक्ल और कृष्ण मार्ग हैं अर्थात् देवयान एवं पित्रयान। शुक्लमार्ग से गया हुआ निष्काम कर्मयोगी पुनः लौटकर नहीं आता, जबकि कृष्णमार्ग से गया हुआ सकाम कर्मयोगी पुनर्जन्म हेतु वापस लौटकर आता है। इसका कारण यह है कि ब्रह्मलोक सहित जितने भी लोक हैं, वे सभी पुनरावर्ती हैं। तात्पर्य यह कि उन लोकों की कामना करने पर एवं उन्हें पाकर निश्चित समय के पश्चात् उन सभी को पुनः संसार में आना ही पड़ता है। केवल वही पुनः नहीं आता, जो अविनाशी ब्रह्म को प्राप्त करता है अथवा जो उसमें लीन हो जाता है। इसी क्रम में भगवान् सृष्टि की उत्पत्ति एवं प्रलय के संदर्भ में बताते हैं कि इस संसार में चार युग हैं - सत्ययुग, त्रेता, द्वापर एवं कलियुग। इन्हें चतुर्युग कहते हैं। मर्त्यलोग की एक हजार चतुर्युगी बीतने पर ब्रह्मा का एक दिन होता है और उतने ही काल की रात्रि भी होती है। ऐसे सौ वर्षों के पश्चात् ब्रह्मा जी परम ब्रह्म में विलीन हो जाते हैं। तब सृष्टि में महाप्रलय होता है, जो उनके सौ वर्षों की आयु तक रहता है। जब ब्रह्मा जी सूक्ष्म शरीर से पुनः उत्पन्न होते हैं, तब सृष्टि का आरम्भ होता है। यह क्रम चलता रहता है।


परस्तस्मात्तु भावोऽन्योऽव्यक्तोऽव्यक्तात्सनातनः।
यः स सर्वेषु भूतेषु नश्यत्सु न विनश्यति।।गी.8.20।।


यह जान लेना चाहिये कि इस अव्यक्त अथवा ब्रह्मा अथवा मूल प्रकृति से भी परे दूसरा विलक्षण और सनातन अव्यक्त रूप होता है, जो है निराकार ब्रह्म। इस निराकार स्वरूप का कभी नाश नहीं होता है। वही स्वरूप परब्रह्म परमेश्वर है, जिसमें भक्ति रखने वाला परमधाम को प्राप्त करता है।


मामुपेत्य पुनर्जन्म दुःखालयमशाश्वतम्।
नाप्नुवन्ति महात्मानः संसिद्धिं परमां गताः।।गी.8.15।।


अर्थात् इस प्रकार परम सिद्धि को प्राप्त महात्मा लोग मुझको प्राप्त होकर दुःखालय एवं क्षणभंगुर जन्म-मरण के चक्र से मुक्त हो जाते हैं और परमगति को प्राप्त करते हैं।


इन सभी प्रकार के सत्य को जानने वाले ही काल-तत्त्वविद् कहलाते हैं। अतः हे अर्जुन! तुम भी इन सभी प्रकार के सत्य को जानो और केवल मुझमें अपना ध्यान करो। यही जीवन में वास्तविक मोक्षमार्ग है। ईश्वर भक्ति ही परम है। इस बात को इस अध्याय में बड़ी सुन्दरता से स्थापित किया गया है। साथ ही निराकार ब्रह्म की स्थापना की गई है, तो परम सत्ता है, जिसका कभी भी, किसी भी अवस्था में विनाश संभव नहीं है। और वे परम सत्ता और कोई नहीं बल्कि पुरुषोत्तम भगवान् श्रीकृष्ण ही हैं। उनका स्मरण करने वाला जगत् में पुनर्जन्म के बंधन से हमेशा के लिये मुक्त होकर परमतत्त्व में हमेशा के लिये विलीन हो जाता है। यही मोक्ष है।

===========
विश्वजीत ‘सपन’

No comments:

Post a Comment